रोहतक के मकड़ौली टोल पर कार सवारों से मारपीट करने का एक मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत के अनुसार अवैध वसूली का विरोध करने पर टोल कर्मियों ने मारपीट की है। जिसके बाद आरोपियों ने कार चालक की सोने की चेन भी तोड़ ली। जिसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
झज्जर के गांव झांसवा निवासी रविंद्र कुमार ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि वह लॉ का स्टूडेंट है। 8 सितंबर को वह अपने साथ गांव नौगांवा निवासी एडवोकेट सुनील कुमार व उनकी पत्नी अमनदेवी के साथ गोहाना से रोहतक आ रहे थे। इसी दौरान मकड़ौली टोल पर आए तो टोल कर्मियों ने उससे अवैध पैसे मांगे। रविंद्र ने कहा कि टोल कर्मियों ने उससे 200 रुपए अवैध रूप से मांगे। जबकि उनका फास्ट टैग भी छीन लिया।
उन्होंने बताया कि जब अवैध वसूली का विरोध किया तो वहां पर करीब 10-12 टोल कर्मी एकत्रित हो गए। उन्होंने पहले मारीपट की और उसके गले से सोने की चेन छीन ली, जो उसे शादी में मिली थी। आरोपियों ने सुनील कुमार की पत्नी के साथ भी गाली-गलौज किया। वहीं जान से मारने की धमकी दी। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
