Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

आज टीचर्स डे नहीं बल्कि BLACK DAY के रूप में होगा प्रदर्शन; कई शिक्षक काला बैंड या रिबन पहनकर सेक्टर-17 में विरोध प्रदर्शन करेंगे

चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों के शिक्षक आज टीचर्स डे को ब्लैक डे के रूप में मनाएंगे। वे अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए स्कूलों में ब्लैक बैंड, रिबन आदि पहनकर आएंगे। वहीं स्कूल की छुट्‌टी के बाद सेक्टर-17 में जुटेंगे। वहां से विरोध करते हुए राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के आवास की ओर कूच करेंगे।

हालांकि चंडीगढ़ पुलिस उन्हें सेक्टर-17 में ही बैरिकेडिंग करके रोक सकती है, लेकिन चंडीगढ़ की जॉइंट एक्शन कमेटी ऑफ टीचर्स (स्कूल) टीचर्स डे को आज काला दिवस के रूप में ही मनाएगी। इसमें ऑल कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी संघ भी भागीदार बनेगा। सेक्टर-17 शिवालिक व्यू के पास मैदान में यह प्रदर्शन होगा।

जॉइंट एक्शन कमेटी ऑफ टीचर्स के महासचिव रणबीर राणा ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में टीचर्स को नियमित करना, सैलरी, DA, समान कार्य समान वेतन, सेंटर का पे स्केल, ट्रांसफर पॉलिसी, आउटसोर्स कर्मचारियों का कम से कम 3 वर्षों का कॉन्ट्रैक्ट आदि शामिल है। वहीं सबसे बड़ा मुद्दा कॉन्ट्रैक्ट, गेस्ट टीचर्स के खाली पदों को आने वाली भर्ती में शामिल करना, SSA की सैलरी और DA तथा CRC, URC की सैलरी को कम करने का मुद्दा तथा STT टीचर्स की 11 सालों से सैलरी नहीं बढ़ने का मुद्दा अहम है।

प्रदर्शन के दौरान सभी टीचर्स विरोध के तौर पर काले कपड़े या काले रिबन या काले बैंड पहनकर स्कूल आएंगे। रिसेस टाइम में सभी इकट्ठे होकर ग्रुप फोटो लेंगे, जिसे व्हाट्सएप ग्रुप और JAC के फेस ग्रुप पर शेयर करेंगे। फोटो पर स्कूल का नाम जरूर लिखेंगे। छुट्‌टी के बाद टीचर्स दोपहर को शिवालिक व्यू होटल के साथ ग्राउंड/परेड ग्राउंड सेक्टर-17 के सामने इकट्‌ठा होंगे।

यहां से शांतिपूर्वक तरीके से गवर्नर हाउस की तरफ मार्च करेंगे। इस प्रदर्शन की PDF फाइल बना कर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह को भेजी जाएगी। कमेटी ने बताया कि चंडीगढ़ में पढ़ाने वाले कॉन्ट्रैक्चुअल/गेस्ट, SSA, STT, CRC, URC टीचर्स की मांगें लंबे समय से पूरी नहीं की जा रही हैं। इसे लेकर उनमें रोष व्याप्त है, जिसके चलते प्रदर्शन किया जा रहा है।

वहीं दूसरी तरफ चंडीगढ़ के स्कूलों में पढ़ाने वाले कुछ टीचर्स को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए कंमेडेशन सर्टिफिकेट और स्टेट अवार्ड से भी नवाजा जाएगा। सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में आज यह सम्मान समारोह होगा। शहर के प्रशासक राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे। वहीं सांसद किरण खेर भी आएंगी।

Exit mobile version