रोहतक स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का आज आखिरी दिन है। 28 नवंबर से 11 दिसंबर तक अग्निवीरों की भर्ती होगी। आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हुई थी। आवेदन करने के लिए कुल 30 दिन का समय दिया गया था। सेना भर्ती में रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के युवा भाग लेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती रैली 11 दिसंबर तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अपना नाम सेना की वेबसाइट- www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकृत करवाना अनिवार्य है।
जिला रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के वे युवक, जिनका जन्म 1 अक्तूबर 1999 से 1 अप्रैल 2005 के बीच हुआ है और उन्होंने 10वीं या 12वीं की कक्षा उत्तीर्ण की है, सेना में खुली भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अग्निवीर जनरल डयूटी, अग्निवीर लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास व अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं पास के पदों पर भर्ती के होनी है। सेना भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता व आयु सीमा की योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय उम्मीदवार को मोबाइल नंबर की जानकारी दर्ज करके सब्मिट का बटन दबाना होगा।

