CM नायब सैनी ने बताई प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की सफलता पर जताई खुशी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि भारत ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया है।
इनमें 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के खाते में आए 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, इनमें 5 बेटियां शामिल हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत खेल नीति और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं के चलते देश खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। आज यह अभियान देश का बड़ा जन आंदोलन बन चुका है।
इस बार हर घर तिरंगा अभियान को वंदे मातरम को समर्पित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम को साथ लेकर चलना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का बड़ा अवसर है। यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है।
तिरंगा अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम की भावना से ओतप्रोत तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा।
15 अगस्त 2021 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आगामी 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। हरियाणा में इसका राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। यहां 13 अगस्त को विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा के साथ होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान की शुरुआत संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुई।
इस दौरान पवित्र मिट्टी से युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। वाराणसी से शुरू हुई कलश यात्रा अब देशभर में पहुंच रही है। गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी गुरुग्राम पहुंच चुकी है।

