हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला से तिरंगा यात्रा का आगाज किया। पंचकूला के सेक्टर-5 से यवनिका ओपन थियेटर से यात्रा शुरू हुई, जो मेजर संदीप शांकला चौक पर संपन्न हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहलगाम हमले का बदला लिया गया है। पाकिस्तान को बेनकाब किया गया है।
सीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में आतंकवादियों के 9 ठिकाने तबाह किए गए। सरकार ने ना सिर्फ बॉर्डर सील किए, बल्कि सिंधु जल संधि भी निलंबित करते हुए पाकिस्तान पर चोट की है।
हमारी केंद्र की सरकार ने आतंकवादी नेटवर्क का भंडाफोड किया गया है। पीएम मोदी की विदेश कूटनीति के परिणाम के चलते ही पाकिस्तान दुनिया से अलग थलग पड़ गया है। यह युद्ध नहीं भारत का प्रतिशोध था।
सीएम सैनी ने कहा, हमारी सेना ने जो संदेश दिया वो पूरे विश्व में गूंज उठा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, यह नया भारत है और भारतीय सैनिकों के जोश का परिणाम है। ऑपरेशन सिंदूर और सीता नवमी का दिन अब कुकृत्य करने वालो को समझ आ गया होगा। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मोदी ने संसार को बता दिया कि हम आतंकवाद के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
शांति को कमजोरी समझा जाएगा तो भारत चुप नहीं रहेगा। हरियाणा की जनता की और से पीएम मोदी को नमन करते हुए धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर तो बनाया ही साथ ही गौरव से भर दिया है। यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना को समर्पित है। हमारे दिल में भारत है, हर कदम पर भारत है, देश की धरती हमारी जिम्मेवारी है, देश की एकता पर हर दिल इरादा है कि पूरा देश भारत के साथ है, भारत के प्रधानमंत्री के साथ है।
सीएम ने अपने संबोधन में कहा, देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतों से बढ़ाया गया जोश है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रणबीर गंगवा, अरविंद शर्मा, कृष्ण बेदी, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई अधिकारी भी मौजूद थे। जोश, शौर्य और विश्वास है, पूरा देश सेना के साथ है, जैसे स्लोगन से बढ़ाया गया जोश। ऑपरेशन सिंदूर में भारत के जाबांज वीर शहीदों को किया नमन।
भारत-पाक सीजफायर के बाद प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में निकाली जाने वाली इस तिरंगा यात्रा के लिए केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की अगुवाई में यह यात्रा निकाली जाएगी। अंबाला में राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, सोनीपत में राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा, रोहतक में रामचन्द्र जांगड़ा, हिसार में राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी और सिरसा में राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला को तिरंगा यात्रा का संयोजक बनाया गया है।
कुरुक्षेत्र में लोकसभा सदस्य नवीन जिंदल और भिवानी महेन्द्रगढ़ में लोकसभा सदस्य धर्मबीर सिंह यात्रा के संयोजक होंगे। करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, गुरुग्राम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह और फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को संकल्प यात्रा की कमान सौंपी गई है।
