रोहतक के सैनीपुरा निवासी चिराग ने सदर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में चिराग ने बताया कि गांव लाढ़ौत में अमन मेटल्स नाम से फैक्ट्री है। 24 जून को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब फैक्ट्री के सभी कर्मचारी आराम कर रहे थे तो दो अज्ञात महिलाएं फैक्ट्री में घुस आईं।
दोनों महिलाओं ने फैक्ट्री में रखी एल्युमिनियम प्लेट चोरी कर लीं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में एल्युमिनियम को काटकर ये प्लेट बनाई जाती थीं। उन्होंने करीब 40 प्लेट चोरी कीं। एक प्लेट का वजन करीब 10 किलो है। अज्ञात महिलाओं ने करीब 400 किलो सामान चोरी कर लिया जिसकी कीमत एक लाख रुपये है।
चिराग ने बताया कि जब इस चोरी का पता लगा तो मामले की शिकायत पुलिस को दी। वहीं आरोपी महिला फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता लगा की तीन महिलाएं स्कूटी पर सवार होकर आई थी और लोडिंग टैंपो में एल्युमिनियम की प्लेट चोरी करके लेकर गई है। इसके बाद मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी।
