रोहतक में खरावड़ स्तिथ एलपीएस चौक के पास एक तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल रिक्शा सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला ऐटा के गांव रोहना मिर्जापुर निवासी चंद्रभान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार सहित रोहतक के गांव गढ़ी सांपला के बाग में रहता है। उन्होंने गांव गांधरा में भी बाग किराए पर लिए हुए हैं। मंगलवार को वह अपने लड़के संजय, धर्मपाल व रमेश के साथ गांधरा में पेड़ लगाने गए थे। अपना काम खत्म करके वह मोटरसाइकिल रिक्शा पर सवार होकर वापस आ रहे थे।
इसी दौरान एलपीएस चौक खरावड़ के पास वह रिक्शा से उतर गया और सड़क किनारे बनी दुकान से सामान लेने लगा। वहीं संजय, धर्मपाल व रमेश मोटरसाइकिल रिक्शा पर ही बैठे थे। इसी बीच रोहतक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों संजय, धर्मपाल व रमेश गंभीर चोटें आईं। इनमें से संजय ने सिर में लगी चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रमेश व धर्मपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने भी मामले की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
