Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत: ट्रक से टकराई स्विफ्ट कार, पति-पत्नी और 22 वर्षीय बेटा सवार थे; पंजाब जाते समय हादसा

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 22 वर्षीय बेटा शामिल है। तीनों मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के रहने वाले थे। उनकी स्विफ्ट कार घिलौड़ गांव के पास जम्मू-कटरा हाईवे पर ट्रक से टकरा गई।

मृतकों की पहचान कर्मजीत कौर सिंधु, पवनधीर सिंधु और अमरिंद्र सिंधु के रूप में हुई है। तीनों रतलाम के इंद्रानगर में रहते थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं।

गुरुवार शाम घर से पंजाब के लिए निकले थे

जानकारी के अनुसार, परिवार गुरुवार शाम अपनी कार से पंजाब स्थित पैतृक गांव के लिए निकला था। कार कर्मजीत चला रहे थे। उनके साथ पत्नी और 22 वर्षीय बेटा भी मौजूद था। शुक्रवार सुबह घिलौड़ गांव के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों की जान चली गई।

छोटा बेटा दादा-दादी के पास रतलाम में था

परिवार का छोटा बेटा हादसे के समय रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। बताया जा रहा है कि कर्मजीत के माता-पिता को अभी हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार के अन्य सदस्य घटना की सूचना मिलने के बाद रोहतक पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से रतलाम और उनके परिचितों में शोक का माहौल है।

Exit mobile version