Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जिम के बाहर अचानक रुकीं 3 गाड़ियां और… यमुनानगर में युवक पर क्रिकेट बैट से तांडव, जानिए फिर क्या हुआ

हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार शाम करीब 5 बजे एंबुलेंस ड्राइवर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। खारी कुई निवासी पीड़ित सनी शर्मा पर जिम के बाहर तीन गाड़ियों में आए पांच युवकों ने क्रिकेट बैट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमलावरों ने देसी कट्टा निकालकर फायर करने की भी कोशिश की और उसकी दो तोले की सोने की चेन छीनकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीड़ित की पहचान एंबुलेंस चालक सनी शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित सनी शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे जिम में कसरत करने गया था। करीब पांच बजे एक अज्ञात युवक उसके पास आया और बातचीत के बहाने उसे जिम से बाहर ले गया।

जैसे ही सनी बाहर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद तीन गाड़ियों में सवार हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। पांचों आरोपियों ने क्रिकेट बैट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसकी टी-शर्ट फट गई।

सनी का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर उस पर गोली चलाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए सनी लहूलुहान हालत में भागकर वापस जिम के अंदर घुस गया।

हमलावरों ने जिम के अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन दरवाजे पर खड़े कुछ युवकों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

हमले में सनी के सिर पर गहरी चोट आई है, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने बताया कि मारपीट और भागने के दौरान हमलावर उसकी करीब दो तोले वजन की सोने की चेन भी छीन ले गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी एक स्थानीय आढ़ती के दो बेटे हैं, जिनके साथ उनके दोस्त शामिल थे। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version