रोहतक पुलिस सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने गांव भाली आनन्दपुर निवासी महिला परवीन की गोली मारकर की गई हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए वारदात में शामिल रहे तीनों आरोपियो को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। आरोपियो को आज पेश अदालत किया गया है। अदालत के आदेश पर आरोपियो को दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रोहतक श्री कृष्ण कुमार लोहचब ने बताया कि दिनांक 21/22.06.2022 की रात को पुलिस को सूचना मिली कि गांव भाली आनन्दपुर मे परवीन पत्नी वेदप्रकाश पर गोली चली है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गोली लगने से परवीन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतिका के पिता शमशेर निवासी गाँव पुठर (पानीपत) हाल मुखीजा कालोनी नजदीक शुगर मिल पानीपत की शिकायत के आधार पर थाना बहुअकबरपुर मे धारा 302/34/120बी भा.द.स. व शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग संख्या 127/2022 अंकित किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शमशेर ने अपनी बेटी परवीन की शादी वेदप्रकाश पुत्र सतबीर निवासी गांव भाली आन्नदपुर के साथ करीब 14/15 साल पहले की थी। परवीन की पति वेदप्रकाश की सन् 2017 में हत्या हुई थी। दिनांक 22.06.2022 को शमशेर को सूचना मिली की षडयंत्र के तहत परवीन की गोली मारकर अज्ञात युवको ने हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक श्री उदय सिंह मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच प्रभारी सीआईए-2 स्टाफ निरीक्षक नवीन कुमार को सौंपी। दौराने जांच घर में आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई जिसके हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले युवकों के चेहरे कैद हुए मिले। सीसीटीवी फुटैज के आधार पर मामलें की गहनता से जांच की गई तथा आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास किए गए। दिनांक 26.06.2022 को सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने उप.नि. रोहताश के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए आरोपी अमित उर्फ मीता पुत्र सुरेन्द्र, सुरज उर्फ दांगी पुत्र रोहताश व विकास उर्फ विक्की पुत्र नरेश निवासीगण गांव भाली आनन्दपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियो का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी अमित उर्फ मीता पर मारपीट व हत्या के दो मामले दर्ज है। आरोपी सुरज उर्फ दांगी पर हत्या का एक मामला दर्ज है। आरोपी विकास उर्फ विक्की पर मारपीट व राजस्थान में एटीएम मशीन उखाडने का मामला दर्ज है। आरोपी गिरफ्तार होकर जेल मे बंद थे। जो करीब 5/6 महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए है।
परवीन का देवर मोहित जेल में बन्द है। परवीन व उसके देवर मोहित की आपस में रंजिश चली आ रही है। मोहित ने जेल के अन्दर से ही परवीन की हत्या की योजना बनाई है। मोहित ने अपने गांव के अमित, सुरज व विकास से संपर्क किया। मोहित के कहने पर तीनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। मोहित ने आरोपियो को हत्या करने के लिए 50 लाख रुपये देने की बात कही थी। पैसे हत्या के बाद देने थे। हत्या के लिए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार खरीदे है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त तीन अवैध हथियार व तीन कारतूस बरामद हुए है। आरोपी दिनांक 21/22 जून की रात को परवीन के घर में घूसे तथा गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी।
