Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंबानी फैमिली को फिर जान से मारने की धमकी; रिलायंस अस्पताल में दो बार फ़ोन कर बम से उड़ाने की दी धमकी

मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर अनजान शख्स का दो बार कॉल आया, जिसमें कॉलर ने अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पहली बार कॉल आज दोपहर करीब 1 बजे आया और दूसरा कॉल शाम 5 बजे आया। इसके बाद से अस्पताल और एंटीलिया ( मुकेश अंबानी का घर ) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि कॉलर ने मुकेश, नीता, आकाश और अनंत अंबानी को जान से मारने की धमकी दी है। फोन करने वाले ने एंटीलिया को भी उड़ाने को कहा है। इस मामले में मुंबई के डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। इससे पहले भी कई बार अंबानी फैमिली को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। 15 अगस्त के दिन भी एक शख्स ने कॉल करके मुकेश और नीता अंबानी को जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अरेस्ट किया था।

स्वतंत्रता दिवस के दिन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर धमकी भरे आठ कॉल आए थे। कॉलर ने उनके पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म करने की धमकी दी। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने DB मार्ग पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई। मुंबई पुलिस ने तीन टीमें बनाकर मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला था कि कॉलर एक ही है और उसी ने लगातार आठ कॉल की। इसके बाद कॉलर की लोकेशन ट्रेस कर उसको हिरासत में ले लिया गया था।

DCP निलोत्पल ने कहा था कि पुलिस की गिरफ्त में आया यह शख्स पेशे से ज्वेलर है, जिसका नाम विष्णु विभु भौमिक है। फोन करने के दौरान अपना नाम अफजल बताया था। अरेस्ट करने के बाद चला कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। सितंबर 2021 में 2 संदिग्धों ने एंटीलिया का पता पूछा था। संदिग्धों ने जिस टैक्सी ड्राइवर से अंबानी के घर का पता पूछा था, उसने ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके इसकी जानकारी दी थी। ड्राइवर का कहना था कि दोनों उर्दू में बात कर रहे थे। ड्राइवर ने बताया था कि संदिग्धों के हाथ में एक बैग भी था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी थी। आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version