Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

26 नवंबर और 6 दिसंबर को हरियाणा के कई रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी:लश्कर-ए-तैयबा के नाम से आया पत्र, साथ ही देशभर के कई मंदिर, गुरूद्वारे और हवाई अड्डे भी टारगेट

लश्कर-ए-तैयबा के नाम से एक पत्र आया है, जिसमें 26 नवंबर और 6 दिसंबर को बम धमाके से हरियाणा के रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिली है। अंबाला कैंट के साथ – साथ शिमला, यमुनानगर, सहारनपुर व चंडीगढ़ समेत कई रेलवे स्टेशनों को उड़ाने का दावा किया गया है। धमकी भरा पत्र अंबाला मंडल के डीआरएम मिला है। मामले में कार्रवाई करते हुए अंबाला कैंट पड़ाव पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अमीम शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ के यात्री सुरक्षा निरीक्षक श्याम सुंदर की शिकायत पर की गई है।

पत्र में दावा किया गया है कि 26 नवंबर को अंबाला मंडल के तहत पड़ने वाले अंबाला कैंट, यमुनानगर, शिमला, चंडीगढ़, सहारनपुर और दूसरे कई रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाया जाएगा। इसके अलावा रेवाड़ी, हिसार और सिरसा में रेलवे पुल के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

6 दिसंबर को अंबाला के प्रमुख मंदिरों, गुरुद्वारों तथा हिमाचल के कई मंदिरों, फौजी मंदिरों व गुरुद्वारों, हवाई अड्डों को भी निशाना बनाने का जिक्र है। पुलिस ने आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। बता दें कि इससे पहले भी कई बार रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। जिसके तहत अंबाला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक कार से आरडीएक्स भी बरामद हुआ था।

Exit mobile version