Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

BREAKING: हरियाणा के 5 होटल बम से उड़ाने की धमकी; सभी अलग-अलग लोकेशन पर, ईमेल से भेजा गया मैसेज, बम निरोधक दस्ता-डॉग स्क्वायड समेत पुलिस मौके पर

हरियाणा के गुरुग्राम में पांच बड़े होटलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसको लेकर होटल मैनेजमेंट को ईमेल भेजा गया। जिसमें कहा गया कि होटलों के अंदर बम रख दिया है। कोई भी नहीं बचेगा। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से होटलों में सर्च अभियान चलाया है। फिलहाल किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस की छानबीन जारी है। मेल करने वाले को आईपी एड्रेस से ट्रेस किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस को सुबह गुरुग्राम के एक बड़े होटल प्रबंधन की ओर से एक धमकी भरा ईमेल मिलने की जानकारी दी गई। इसमें होटल में बम को उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। इसके बाद शहर में अलग अलग स्थानों पर स्थित चार अन्य होटल्स को भी ईमेल भेज कर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पुलिस ने इसके बाद होटलों में टीमें भेजी। डॉग स्क्वायड की मदद से होटलों में बड़ी बारीकी से तलाशी ली गई।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि फिलहाल किसी होटल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि दहशत फैलाने के लिए फर्जी मेल भेजी गई है। पुलिस इनके आईपी एड्रेस का पता लगा रही है, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके।

4 महीने पहले भी गुरुग्राम के एंबियंस मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ये धमकी भी ईमेल के जरिए मॉल प्रबंधन को भेजी गई। बम की सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वायड और फायर ब्रिगेड विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरे मॉल को खाली कराया गया। टीमों ने पूरे मॉल में सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें कुछ नहीं मिला। इसके बाद स्टाफ को मॉल के अंदर भेज दिया गया था।

Exit mobile version