Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पीएम मोदी के चंडीगढ़ पहुंचने से पहले पंजाब-हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से ठीक पहले शुक्रवार को पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम में बम होने की सूचना मिलने के बाद पूरे सचिवालय परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सचिवालय को तत्काल खाली कराया गया और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई।

धमकी की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा कर्मियों ने सचिवालय परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली। अधिकारियों ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए पहले से ही चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। लेकिन बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सख्त कर दिया गया। सचिवालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version