Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नगर निगम और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी…ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप; दोनों इमारतें खाली कराईं

हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजा गया, जिसके बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। एहतियात के तौर पर नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को खाली करा दिया गया तथा मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे आयुक्त की ई-मेल पर संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि दोपहर 1 बजे से पहले नगर निगम भवन को ब्लास्ट कर दिया जाएगा। मेल देखते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आयुक्त ने तत्काल कार्यालय खाली कराने के आदेश दिए। साथ ही पास स्थित मॉडल स्कूल को भी खाली करा दिया गया और बच्चों की छुट्टी कर दी गई।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान शंभू टांक ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पूरे निगम कार्यालय को खाली करा दिया गया। कर्मचारियों में भय का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं।

अभिभावकों में भी दिखा डर

मॉडल स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को फोन कर बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए बुलाया। जब अभिभावक स्कूल पहुंचे तो उन्हें बम की धमकी की जानकारी मिली, जिसके बाद वे भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।

खालिस्तान के नाम से भेजी गई धमकी

रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल खालिस्तान के नाम से भेजा गया है। इसमें नगर निगम और मॉडल स्कूल को उड़ाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस को अलर्ट किया गया और दोनों इमारतों को तुरंत खाली कराया गया।

एसपी बोले- फेक मेल की आशंका

मेयर ने बताया कि एसपी गौरव राजपुरोहित ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम लगा दी है। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। एसपी का कहना है कि यह फेक ई-मेल हो सकता है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनुसार किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा। नगर निगम कर्मचारियों को फिलहाल रंगशाला में शिफ्ट किया गया है।

लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

Exit mobile version