Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी…खालिस्तान के नाम से भेजी ई-मेल; कोर्ट खाली

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style


हरियाणा के फतेहाबाद कोर्ट परिसर को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। खालिस्तान के नाम से भेजी गई ई-मेल में फतेहाबाद के साथ-साथ हरियाणा की अन्य कोर्टों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

धमकी भरी ई-मेल शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे सेशन कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसपी निकिता खट्टर को मामले से अवगत कराया गया। एसपी ने स्वयं कोर्ट परिसर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्र अपनी टीम के साथ जांच में जुट गए।

एहतियात के तौर पर हिसार से डॉग स्क्वॉयड और बम डिस्पोजल स्क्वॉयड की टीम को बुलाया गया। टीम ने पूरे कोर्ट परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी है। कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति को बिना जांच अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।

संयोग से शुक्रवार को बार एसोसिएशन की ओर से विभिन्न मांगों के समर्थन में पहले से ही वर्क सस्पेंड रखा गया था। वकील कुछ देर धरने पर भी बैठे थे। इसी दौरान धमकी भरी ई-मेल आने के बाद सभी वकीलों और अन्य लोगों को भी कोर्ट परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

करीब छह महीने पहले भी फतेहाबाद के लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय डीसी की ई-मेल पर सुबह करीब 8 बजे धमकी भरा मेल आया था। पुलिस और प्रशासन ने व्यापक जांच की थी, लेकिन बाद में वह धमकी फर्जी साबित हुई थी। फिलहाल इस ताजा मामले में पुलिस ई-मेल के स्रोत और धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

Exit mobile version