Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करवाचौथ पर इस बार 5 साल बाद बना है यह खास शुभ योग: जानें तिथि और शुभ मुहूर्त

हर साल कार्तिक मास के कृष्‍ण पक्ष की चतुर्थी के दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत करती हैं, इस दिन को करवाचौथ कहते हैं। रात में चांद का दीदार करने और छलनी से पति का चेहरा देखने के बाद महिलाएं यह व्रत तोड़ती हैं। छलनी से चांद देखने की इस परंपरा की कल्पना चंद्रमा और भगवान ब्रह्मा से की गई है। चंद्रमा को भगवान ब्रह्मा का स्वरूप माना गया है, साथ ही चांद में शीतलता, शालीनता, प्यार, जगत प्रसिद्धि जैसे गुण समाहित हैं। इसलिए करवा चौथ पर सभी महिलाएं छलनी से चांद को देखकर ये कामना करती हैं कि उनका पति भी चांद जैसे गुणों से परिपूर्ण हो।

कृष्‍ण पक्ष की चतुर्थी के दिन यह व्रत किया जाता है और इस साल यह तिथि 24 अक्‍टूबर रविवार को पड़ रही है। माना जा रहा है कि करवा चौथ पर इस बार 5 साल बाद यह शुभ योग बन रहा है कि करवा चौथ के व्रत की पूजा रोहिणी नक्षत्र में की जाएगी। इसके अलावा रविवार को यह व्रत होने से भी इस सूर्यदेव का शुभ प्रभाव भी इस व्रत पर पड़ेगा।चतुर्थी तिथि का आरंभ 24 अक्‍टूबर को रविवार सुबह 3 बजकर 1 मिनट पर होगा और समापन 25 अक्‍टूबर को सुबह 5 बजकर 43 मिनट पर होगा।

करवा चौथ के व्रत को लेकर शास्‍त्रों में यह बताया गया है कि इसको करने से न सिर्फ पति की आयु लंबी होती है बल्कि इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन की सारी परेशानियां भी दूर होती हैं और सौभाग्‍य की प्राप्ति होती है।  यह पति-पत्नी के अखंड प्रेम और त्याग की चेतना का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं दिन भर के व्रत के बाद ईश्वर से पति की मंगलकामना चाहती हैं। कहते हैं कि सुहाग के व्रत को करने से सौभाग्‍य की प्राप्ति होती है और परिवार संकट से दूर रहता है। आज के समय में करवा चौथ स्त्री-शक्ति का प्रतीक-पर्व है। कहते हैं कि इस दिन माता पार्वती, शिवजी और कार्तिकेय का पूजन करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।

Exit mobile version