रोहतक में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। उन्होंने ताला तोड़कर नकदी और गहने चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार वाले शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। जब वापस लौटे तो इस चोरी का पता लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
सलारा मोहल्ला निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पूरे परिवार सहित गुरुवार को सुबह शादी में शामिल होने के लिए गए हुए थे। शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार गुरुवार शाम को वापस घर लौटा। इस दौरान देखा कि उनके घर का दरवाजा टूटा हुआ पड़ा है।
घर का ताला टूटा हुआ देखकर उनके भी होश उड़ गए। जब वे घर के अंदर गए तो उन्होंने देखा कि कमरे में रखी लोहे की अलमारी का भी लोकर टूटा हुआ है। वहीं सारा सामान बिखरा हुआ था। जिसे देखकर साफ पता लग रहा था कि पीछे से किसी अज्ञात ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
पीड़ित ने जब अपना सामान चेक किया तो पाया कि उनके घर से अलमारी में रखी 4 सोने की अंगुठी, दो जोड़ी सोने की बाली, एक सोने का मंगलसुत्र, 2 जोड़ी चांदी की पाजेब, एक मंगलसुत्र चांदी का, दो जोड़ी चुटकी चांदी गायब मिले। वहीं करीब 30 हजार रुपए भी चोरी हो गए थे।
चोरी का पता लगने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया। ताकि चोरों का कोई सुराग लग पाए।
