रोहतक में खेड़ी सांपला के वार्ड नंबर एक लाइन पार निवासी रेलवे कर्मचारी के घर रात को 4-5 लाख रुपए की चोरी हो गई। सो रहे परिवार को चोरों ने कुंडी लगाकर कमरे में बंद किया और फिर तसल्ली से घर खंगाला। जब परिवार सुबह उठा और कमरे के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी मिली तो चोरी का पता चला। परिवार ने अन्य परिजनों को बुलाकर कुंडी खुलवाई। इसके बाद घर चैक किया तो सामान बिखरा मिला।
विजय कुमार ने चोरी की शिकायत पुलिस को दी। विजय ने बताया कि वह रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसके जीजा की मौत हो गई है। जिस कारण परिवार में मातम का माहौल चल रहा है। उनके मकान के दो हिस्से हैं। एक हिस्से में महिलाएं व बच्चे सो गए और दूसरे में बड़े। सुबह उठे तो बच्चों का फोन आया कि उनका दरवाजा नहीं खुल रहा। जाकर देखा तो पता चला कि बाहर से किसी ने दरवाजे को कुंडी लगाई हुई थी।
इसके बाद दूसरे कमरे चैक किए तो वहां रखे संदूक का ताला टूटा हुआ था। संदूक का सामान बिखरा हुआ था। वहीं कमरे की पिछली दीवार की खिड़की भी उखड़ी हुई थी। जब सामान चैक किया तो पाया कि सोने की चेन, सोने का मंगलसूत्र, 3 जोड़ी सोने के बालियां, 2 सोने की अंगूठी, 2 महिलाओं की सोने की अंगूठी, 2 लॉकेट, 3 जोड़ी चांदी की पाजेब, एक पुरुष व एक महिला की सोने की अंगूठी सहित करीब 4-5 लाख रुपए के गहने गायब मिले।
विजय कुमार ने कहा कि घटनास्थल देखकर लग रहा है कि शायद चोरी करने वाला घर में घुसा। छत पर या अन्य जगह छिपकर बैठ गया। आधी रात को जब मौका लगा तो उसने सो रहे लोगों को कमरे में बंद किया और चोरी को अंजाम दिया। क्योंकि खिड़की बाहर से नहीं उखाड़ी जा सकती। उसे अंदर से ही उखाड़ा गया है और चोरी करके फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

