रोहतक की रिहाईस शीतल नगर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। मकान का ताला तोड़कर हजारों की नकदी व आभूषण आदि चोरी कर लिए। चोरी उस समय हुई जब मकान मालिक नौकरी पर बाहर गया हुआ था और किरायेदार मतदान के लिए अपने गांव गया हुआ था।
गांव बालंद निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रिहाईस शीतल नगर में रहता है। वे चुनाव के कारण अपने गांव में गया हुआ था। चुनाव के बाद सोमवार को वह घर वापस लौटा। इस दौरान देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और घर का सारा सामान बिखरा हुआ है।

सुरेश कुमार ने कहा कि उसके मकान मालिक सत्यप्रकाश के मकान का भी सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी भी टूटी हुई थी और संदूक का सामान भी बिखरा पड़ा हुआ था। हालांकि मकान मालिक के मकान में क्या-क्या चोरी हुआ इसका पता तो बाद में ही चल पाएगा। क्योंकि मकान मालिक बाहर नौकरी करता है और बाहर गया हुआ है।
उन्होंने कहा कि अंदर जाकर देखा तो पाया कि किसी अज्ञात ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर ने घर में रखी सोनी की अंगूठी, सोने का ओम व 14 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
