Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रात को जलती नहीं, दिन में बुझती नहीं! झज्जर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था पर सवाल

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

झज्जर। शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित चौधरियान मोहल्ले से पंचायती गुरुद्वारा होते हुए मुख्य बाजार तक पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें लगातार 24 घंटे जलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में रोशनी की जरूरत होती है, लेकिन दिन में भी लाइटें बंद नहीं की जा रही हैं, जिससे लगातार बिजली की खपत हो रही है।
लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार बिजली बचाने और ऊर्जा संरक्षण का संदेश देती है, वहीं दूसरी ओर शहर में लाखों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जल रही हैं। इससे सरकारी बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है और अप्रत्यक्ष रूप से इसका भार आम जनता पर पड़ता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस संबंध में वार्ड पार्षद को भी जानकारी दी गई। पार्षद की ओर से बताया गया कि बिजली का नया ठेकेदार आया है और उसे व्यवस्था समझने व यहां काम संभालने में कुछ समय लगेगा।
हालांकि, लोगों का सवाल है कि जब तक व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं होती, तब तक क्या स्ट्रीट लाइटें इसी तरह 24 घंटे जलती रहेंगी? लोगों ने नगर परिषद से मामले का संज्ञान लेकर दिन में स्ट्रीट लाइटें बंद करवाने और बिजली की बर्बादी रोकने की मांग की है।
अब देखना होगा कि नगर परिषद इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है और लगातार जल रही स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था कब दुरुस्त होती है।

Exit mobile version