Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 3 दिन गर्मी से राहत मिलेगी:7 जिलों में 28 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, 2 दिन बाद तापमान में गिरावट आएगी

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। 14 से 16 फरवरी के बीच हरियाणा में बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि बूंदाबांदी दक्षिण पश्चिम जिलों में होने की संभावना है। इससे लगातार बढ़ रही गर्मी से राहत मिलेगी।

गर्मी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हरियाणा के 7 जिलों में तापमान 28 डिग्री के पार चला गया है। हरियाणा के यमुनानगर, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, महेंद्रगढ़, नारनौल और गुरुग्राम सबसे गर्म रहे। अधिकांश जिले दक्षिण हरियाणा के हैं। वहीं हिसार में बढ़ रहे तापमान से थोड़ी राहत मिली है।

सोमवार हिसार में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री तक पहुंच गया था मगर बुधवार को तापमान में गिरावट देखने को मिली। हिसार का पारा मंगलवार को 26.9 डिग्री दर्ज किया गया जो करीब 2 डिग्री कम रहा। हिसार में एकाएक तापमान बढ़ने से 14 साल का गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया था। 2011 के बाद 10 फरवरी तक ही पहली बार तापमान 28 डिग्री को पार कर गया था।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 15 फरवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 14 फरवरी से 16 फरवरी के दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे, परंतु 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।

Exit mobile version