हरियाणा में अभी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 10 दिनों तक पारा 40 से कम ही रहेगा। साथ ही गर्म हवाएं भी नहीं चलेंगी। 28 अप्रैल के बाद ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मई के पहले सप्ताह के बाद ही हीट वेव की संभावना बनी हुई है। गर्मी में कमी के पीछे की वजह मौसम विभाग बारिश और तूफान को मान रहा है।23 और 24 अप्रैल को राज्य के कुछ जिलों में ही गरज, चमक के साथ 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने 23 अप्रैल को सूबे के 22 जिलों में से 17 जिलों में बूंदाबांदी का अंदेशा जताया है। इनमें उत्तर हरियाणा का कैथल दक्षिण और दक्षिण पूर्व के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और पश्चिम और दक्षिण पश्चिम हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं।
24 घंटे के दौरान हिसार के बालसमंद में ही सिर्फ बारिश हुई, यहां 2.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि बारिश के बाद भी यहां का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों में हालात इससे सामान्य रहे। भिवानी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 16.8 रिकॉर्ड किया गया।
24 अप्रैल से दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। अनुमान के अनुसार 30 मई तक दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस और रात में 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी होगी। सूबे में रात को मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है।
