रोहतक जिले में नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज मैदान में उतर आए हैं। भाजपा के मेयर प्रत्याशी के लिए सीएम नायब सैनी मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा प्रचार करेंगे।
24 फरवरी को भाजपा प्रत्याशी राम अवतार वाल्मीकि के लिए सीएम नायब सैनी प्रचार करने पहुंच रहे हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहेंगे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा मैदान में उतर आए हैं। अब देखना यह है कि कौन सा दिग्गज किस पर भारी पड़ता है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगर निगम चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस के सभी पार्षद प्रत्याशियों और मेयर उम्मीदवार के साथ चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की और उन्हें चुनाव प्रचार में जुटने के निर्देश दिए, ताकि बहुमत से जीतकर शहर की सरकार बनाई जा सके।
24 फरवरी को रोहतक पहुंच रहे सीएम नायब सैनी के कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। भाजपा खेमे में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के कंधों पर राम अवतार वाल्मीकि की जीत सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि रोहतक के चारों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है।
सीएम नायब सैनी के निगम चुनाव मैदान में उतरने से भाजपा ओबीसी और एससी वर्ग को लुभाने की कोशिश करेगी। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा शहरी वोटरों और बाहरी वोट बैंक को लुभाने की कोशिश में हैं। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

