Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मशहूर पंजाबी गायक गुरदास मान के घर पसरा मातम, जान से भी प्यारे छोटे भाई गुरपंथ मान का निधन…

पंजाबी संगीत जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक गुरदास मान के छोटे भाई गुरपंथ मान का 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। गुरपंथ मान पिछले काफी समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और सोमवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चंडीगढ़ के फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुरपंथ मान का अंतिम संस्कार आज चंडीगढ़ में किया जाएगा। गुरपंथ मान अपनी पत्नी के साथ गिद्दड़बाहा मुक्तसर साहिब में रहते थे और अपने इलाके में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से न केवल गुरदास मान का परिवार बल्कि पूरा इलाका भी सदमे में है। पंजाबी संगीत और फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ गई है क्योंकि गुरपंथ मान गुरदास मान के परिवार से जुड़े थे और उनके प्रशंसक भी इस खबर से बेहद दुखी हैं।

परिवार से जुड़े वकील गुरमीत मान ने बताया कि गुरपंथ जी कुछ दिनों से स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे और उनकी हालत में सुधार भी हो रहा था लेकिन सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उनका निधन हो गया। गुरपंथ मान पेशे से किसान और कमीशन एजेंट का काम करते थे। गुरदास मान जो अपने तीन भाई-बहनों में बीच के थे फिलहाल इस दुखद घड़ी में मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।

गुरदास मान पंजाबी संगीत इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन और लोकप्रिय गायकों में से एक हैं। उन्होंने अपने संगीत से पंजाबी संगीत को एक नई पहचान दिलाई है। साल 1980 में उनके गाने ‘दिल दा मामला है’ ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया था। उन्होंने अपना पंजाब, बूट पॉलिशन और हीर जैसे एल्बमों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी ख्याति प्राप्त की। संगीत के साथ-साथ उन्होंने वारिस, शहीद-ए-मोहब्बत बूटा सिंह और देश होया परदेस जैसी फिल्मों में अभिनय कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय भी दिया।

Exit mobile version