Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश की संभावना, 14 सितंबर तक मौसम रहेगा साफ

हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र और करनाल में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। विभाग के मुताबिक 14 सितंबर तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

बुधवार रात सिरसा के गांव चाहरवाला, शाहपुरिया और फतेहाबाद जिले के जांडवाला बागड़ के बीच में हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन में फिर कटाव शुरू हो गया। ड्रेन में करीब 50 फीट चौड़ी दरार आ गई, जिससे 300 एकड़ से अधिक फसल जलमग्न हो गई। दरार को बांधने के लिए ग्रामीण पहुंचे थे, लेकिन अंधेरे के कारण कामयाबी नहीं मिली।

गुरुवार अलसुबह ही ग्रामीण मिट्टी से भरे कट्टे लेकर पहुंच गए। सभी ने दरार को बांधना शुरू किया। अभी तक बांधा नहीं गया है। उनकी मदद के लिए डेरे के सेवादार भी पहुंच गए हैं।

प्रदेश में इस सीजन 45 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बाढ़ और जलभराव से 5 हजार 754 गांवों में नुकसान हुआ। इससे 3 लाख के करीब किसान प्रभावित हुए हैं। 18 लाख 66 हजार एकड़ फसल प्रभावित हुई।

सरकार ने किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला हुआ है, जिसमें किसान बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का दावा कर रहे हैं।

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। जिसके चलते चार दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी को छोड़ दें, तो कहीं पर भी तेज बारिश की संभावना नहीं लग रही है।

उन्होंने बताया कि 2021 के बाद इस सीजन इतनी अधिक बारिश हुई है। साल 2021 में जुलाई-अगस्त में कम व सितंबर में तेज बारिश हुई थी, जबकि मौजूदा सीजन में जुलाई-अगस्त के साथ अभी तक सितंबर में भी तेज बारिश देखने को मिली है।

Exit mobile version