Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की चर्च में चोरी: रात को ताला तोड़कर घुसे शातिर चोर, CCTV कैमरों की हार्ड डिस्क भी चुरा ले गए

रोहतक के कलानौर की पास्टर जगसर दी लाइफ ऑफ साल्वेशन चर्च में रात को चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे। चर्च में रखे हजारों रुपए के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर इतने शातिर थे कि चर्च में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी चुराकर वहां से फरार हो गए। जब सुबह देखा तो इस चोरी का पता लगा।

पास्टर जगसर दी लाइफ ऑफ साल्वेशन के प्रधान कलानौर के वार्ड नंबर 15 की जाट कॉलोनी निवासी जगसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात वह चर्च पर ताला लगाकर गया था। वहां से गया तब तक सभी ठीक था और ताला भी सुरक्षित था। जिसे संभालकर वह चर्च से हमेशा की तरह चला गया।

उन्होंने बताया कि पड़ोसी नरेश ने सुबह देखा तो चर्च का ताला टूटा हुआ था। जिसकी सूचना चर्च के प्रधान को दी गई। जब वह पहुंचे तो देखा की चर्च का किसी अज्ञात लोगों द्वारा ताला तोड़ा गया है। अंदर जाकर देखा तो पाया कि सामान बिखरा हुआ है और चर्च के अंदर से सामान भी चोरी किया गया है।

सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे भी लगाए हुए थे, लेकिन चोरी के लिए आए आरोपी इतने शातिर थे कि वे CCTV कैमरों की हार्ड डिस्क भी चोरी करके अपने साथ ले गए। ताकि उनका सुराग भी ना लगे।

प्रधान जगसर ने बताया कि जब चर्च में जाकर चेक किया तो पाया कि वहां से माइक सिस्टम, एलईडी सिस्टम, DVR, 2 गैस सिलेंडर, एक सिल्वर का पतीला आदि समान चोरी हुआ है। चोरी के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version