Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में परिवार को बंधक बनाकर चोरी:कमरे को बाहर से किया बंद; 10 तोले सोना-चांदी के गहने और एक लाख ले गए

रोहतक के खरकड़ा गांव में चोरों ने NGO संचालक के परिवार को बंधक बनाकर एक किलो चांदी, 10 तोले सोना और करीब एक लाख कैश चोरी कर लिया। परिवार ने बेटी की शादी के लिए घर में गहने रखे हुए थे। जिस समय चोरी हुई सभी सो रहे थे। चोरों ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर घटना को अंजाम दिया।

डेल्टा फोर्म सोसाइटी के संचालक जयप्रकाश ने बताया कि उनका मकान NH-9 के पास है। रात को वह अपनी पत्नी मनीषा, बेटा हर्ष और बेटी प्रतिभा के साथ खाना खाकर करीब साढ़े 10 बजे घर के कमरे में सो गए थे। जिस कमरे में सोए थे, उसके साथ वाले कमरे की अलमारी और संदूक में आभूषण और कैश रखा हुआ था।

सुबह करीब 4 बजे जब वह उठा तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। बड़ी मुश्किल से उसने कमरे का दरवाजा खुलवाया। जब वे बाहर आए तो देखा कि साथ वाले कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। जब सामान चेक किया तो पता लगा कि उसके घर से एक किलो चांदी, 10 तोले सोना और करीब एक लाख रुपए नकदी चोरी हुई है।

जयप्रकाश ने बताया कि वे दिन में ही किसी से 50 हजार रुपए उधार लेकर आए थे। क्योंकि धान की रोपाई के लिए मजदूर आने थे। उन्हें पैसे देने थे और खेती कार्यों के लिए अन्य खर्च की आवश्यकता थी। सभी रुपए लेकर चोर फरार हो गए।

जयप्रकाश ने बताया कि उसके और उसकी पत्नी के पुराने गहने रखे हुए थे। साथ ही अब वह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में भी जुटा था। बेटी की शादी के लिए वह गहने जोड़ रहा था। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version