Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में महिला IAS के घर 7 दिन में चोरी: नूंह में ADC के पद पर तैनात हैं अधिकारी, CCTV में कैद हुए आरोपी

रोहतक की डीएलएफ कॉलोनी की रहने वाली महिला आईएएस अधिकारी के घर पर पिछले 7 दिनों में तीन बार चोरी की वारदात हुई है। रात को भी चोर मकान में घुस और सामान लेकर फरार हो गए। आरोपी पड़ोस में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए।

महिला आईएएस अधिकारी की पोस्टिंग नूंह में एडीसी के पद पर है। उनका परिवार भी डीएलएफ स्थित मकान में नहीं रहता, जो काफी समय से बंद है। पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को देखरेख के लिए बोला हुआ है। कल रात को दो आरोपी मकान में घुसे और सामान चोरी कर ले गए। यहां तक कि नल की टूटी भी चोरी की गई है। लेकिन पुलिस उन्हें अभी तक पकड़ नहीं पाई।

डीएलएफ स्थित महिला आईएएस अधिकारी के घर पर रात करीब 2 बजे दो चोर अंदर घुसते दिख रहे है, जो वहां लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गए। दोनों आरोपी अंदर तो गए, लेकिन उसके बाद लाइट न होने के कारण उनके बाहर आने की फुटेज सीसीटीवी में नहीं आई।

पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि महिला आईएएस अधिकारी के घर लगातार चोरी हो रही है। पहले भी दो-तीन बार चोरी हो चुकी है। रात भी कुछ लोग घर में घुस गए थे, जिनकी आवाज आ रही थी। बाहर निकलकर देखा तो एक गाड़ी में दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। जो सुबह 5 बजे यहां से गए है। चोर मकान से किस समय निकले, इसके बारे में नहीं पता।

घर पर चोरी के मामले में नूंह में तैनात महिला अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, पड़ोस में रहने वाले लोगों से भी इस मामले में बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर चोरी के बारे में जानकारी दी।

आर्य नगर थाना एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि महिला अधिकारी के घर चोरी होने जैसा कोई मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं है। किसी की तरफ से कोई शिकायत अभी नहीं मिली है। अगर शिकायत आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version