पानीपत के वार्ड 11 निवासी एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। महिला ने घरेलू बिजली उपकरणों की शिकायत के लिए कॉल की थी। इसके बाद ठगों ने कॉल बैक की और अपने झांसे में लेकर एक लिंक भेजकर खाते से दो बार में 35 हजार रुपए निकाल लिए। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
किला थाना पुलिस को दी शिकायत में पूजा जताना ने बताया कि वह वार्ड 11 का रहने वाली है। 22 अगस्त को उसने Philips customer care पर घरेलू उपकरण की ऑनलाइन शिकायत की थी। customer care नंबर पर कॉल करने के बाद दोबारा किसी दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने दोबारा से उसकी समस्या सुनी। समस्या सुनने के बाद उसने कहा कि वह 9 रुपए भेज दें, तभी आपकी शिकायत सुनी जाएगी।
कॉल करने वाले ने एक APP का लिंक भेजा और डाउनलोड करने को कहा। ऐप के माध्यम से उसने 9 रुपए भेजने को कहा। इसके बाद मोबाइल फोन पर OTP आया। OTP देने के बाद उसके खाते से दो बार में रुपए डेबिट हो गए। खाते से पहली बार में 17 हजार 999 और दूसरी बार में 17 हजार रुपए डेबिट हो गए। खाते से टोटल 34 हजार 999 रुपए डेबिट हो गए। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

