Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला ने घर में फंदा लगा किया सुसाइड; बेटे की मौत के बाद थी डिप्रेशन में

रेवाड़ी के गांव हरचंदपुर में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला काफी समय से डिप्रेशन में थी, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की।

मिली जानकारी के अनुसार, बावल कस्बा के गांव हरचंदपुर निवासी 48 वर्षीय राजेश देवी परिवार के साथ सोई थी। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर के आंगन में उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली। राजेश को फांसी पर लटका देख परिवार के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। बावल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। राजेश चुन्नी को फंदा बनाकर उस पर लटकी हुई थी।

ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पहले राजेश के 21 साल के बेटे ने भी फांसी लगाकर जान दे दी थी। उसके बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी के चलते शुक्रवार रात उसने भी खुदकुशी कर ली। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के शव को बावल स्थित सामुदायिक केन्द्र में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही असली सच्चाई सामने आ पाएगी।

Exit mobile version