Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CM के सामने फूट-फूट कर रोने लगी महिला:बोलीं-खेत बंजर, घर में दाना नहीं, बेटे संग थाने के सामने जहर खाऊंगी; सैनी ने दिए FIR के आदेश

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी गुरुवार को कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा के रामकुंडी में जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। क्षेत्र की जनता ने अपनी समस्याएं सीएम के सामने रखीं।

इसी दौरान एक महिला फूट-फूट कर रोने लगी। बताया कि पड़ोसी किसान ने उसके खेत का रास्ता कब्जा लिया है। वह अब तक 19 शिकायतें विभिन्न अधिकारियों को दे चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके खेत बंजर हो चुके है, घर में दाना नहीं है।

अगर खेत को रास्ता नहीं मिला तो वह अपने बेटे के साथ पुलिस स्टेशन में जाकर जहर पीने को मजबूर हो जाएगी। यह सुनते ही सीएम नायब सैनी ने पहले तो महिला को चुप और फिर बिजली निगम के एक्सईएन को फटकार लगाई। साथ ही मामले की जांच एसडीएम को सौंपते हुए अविलंब एफआईआर करने के भी निर्देश दिए।

मेहरा गांव की प्रियंका ने बताया कि उसका बकाली के किसान गुरमेल के साथ खेत को मुश्तरका रास्ता लगता है। आरोप लगाया कि इस रास्ते को उस किसान ने कब्जा कर लिया। उसने मिलीभगत करके उस रास्ते पर बिजली के पोल लगवा दिए। इससे खेत में जाने का रास्ता बंद हो गया। मामले को लेकर 19 शिकायतें दे चुकी है।

अभी तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। आरोपी लगातर उनको धमकियां दे रहा है, जिससे उसका परिवार लगातार दबाव में है। अगर खेत को रास्ता नहीं मिला तो वह अपने बेटे के साथ पुलिस स्टेशन में जाकर जहर पीने को मजबूर हो जाएगी। यह सुनते ही उसके परिजन रोने लगे।

प्रियंका ने बताया कि जहर खाने के अलावा उसके पास और कोई चारा नहीं है। खेत का रास्ता बंद होने के कारण उसके खेत बंजर हो गए। 5 मई को भी उन्होंने शिकायत की थी। खाने के लिए घर में दाने (अनाज) नहीं है। हम किसान परिवार है और हम चोरी करने का सोचते भी नहीं । उनकी मांग है कि उनकी समस्या का सामधान किया जाए।

इस मामले को लेकर सीएम नायब सैनी ने बिजली निगम के एक्सईएन को फटकार लगाई और उनसे जबाव तलब किया। हालांकि, एक्सईएन ने कहा कि वे करीब एक महीना पहले यहां जॉइन किए हैं। इस पर सीएम ने SDM लाडवा को मामले की जांच के लिए नियुक्त किया। साथ ही जांच के बाद दोषी पाए जाने पर तुरंत FIR दर्ज करने के आदेश दिए।

उधर, लाडवा की रहने वाली बुजुर्ग बिमला रानी ने आरोप लगाया कि उसका शिकायत नंबर 257 था, लेकिन कार्यक्रम में उसकी बात नहीं सुनी गई। करीब 6 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके बेटे और बहुओं ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। उसके बेटे उसके शराब पीने के बाद मारपीट करते थे।

बहुओ ने उसे घर से निकाल दिया। इस दौरान बिमला रानी फूट-फूट कर रोती रही। उन्होंने बताया कि उसने कई शिकायतें दी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

Exit mobile version