हरियाणा के फतेहाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला गायब हो गई। यह मामला फतेहाबाद की चार मरला काॅलोनी का है। महिला के पति का आरोप है कि पत्नी की सहेली ही उसे भगा कर ले गई है। दोनों घर से जेवरात भी ले गए हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर शिकायतकर्ता की पत्नी और उसकी दोस्त की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल महिला और उसकी सहेली का कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले संजय कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा और रवीना नाम की लड़की आपस में दोस्त हैं। रवीना गुरुग्राम की किसी कंपनी में काम करती है। फिलहाल वह उनके घर रहने के लिए आयी थी। उसे तीन दिन यहां रूकना था, लेकिन 8 दिन तक लौटी नहीं।
रवीना के कई दिन तक उसके यहां रहने से उसे ऐतराज था। इसको लेकर उसका पत्नी पूजा के साथ झगड़ा भी हुआ। तीन-चार दिन से परिवार में इसको लेकर क्लेश था कि वह यहां क्यों रुकी हुई है। उसे जाने के लिए कहो। शुक्रवार शाम को वह अपने घर लौटा तो वहां न तो उसकी पत्नी पूजा मिली और न ही रवीना। उसने आस पडोस में भी उनको तलाश किया, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। रवीना का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जबकि पूजा का फोन घर पर ही है।
संजय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रवीना उसकी पत्नी पूजा को बहला फुसला कर घर से भगा ले गई है। साथ में घर से कुछ नकदी और जेवर भी गायब हैं। वह उसकी पत्नी को नौकरी दिलाने के बहाने बाहर सेटिंग करवाने के नाम पर लेकर गई है। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि उसकी पत्नी को तलाश किया जाए। रवीना ने पूजा को कहीं छिपा कर रखा हुआ है।
थाना शहर पुलिस ने संजय की शिकायत पर महिला पूजा की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। महिला हैड कांस्टेबल भावना को मामले की जांच सौंपी गई है। महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।

