Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

6 जून तक बदले-बदले रहेंगे मौसम के तेवर…कई इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

वहीं सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।

रोहतक सबसे गर्म, तापमान 42 डिग्री पार

प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में 42.0 डिग्री और हिसार में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

6 जून तक सक्रिय रहेंगे दो पश्चिमी विक्षोभ

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 6 जून तक दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा। पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून और दूसरा 4 जून को सक्रिय हुआ है।

पंजाब के ऊपर बनेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन

डॉ. खीचड़ ने बताया कि पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से हरियाणा में 6 जून तक तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है।

सामान्य से 18% ज्यादा बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 1 मार्च से 31 मई तक हरियाणा में 52.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 44.6 मिमी होती है। यानी इस अवधि में प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। अब जून से सितंबर तक होने वाली वर्षा को मानसूनी बारिश माना जाएगा।

फैक्ट फाइल

10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

12 जिलों में यलो अलर्ट

60 KMPH तक चल सकती है आंधी

रोहतक में तापमान 42.1°C

6 जून तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील

प्रदेश में सामान्य से 18% अधिक बारिश दर्ज

Exit mobile version