Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फाइनेंसर साहिल के हत्यारोपी के चाचा का मर्डर…जोकर मास्क पहनकर आये थे दो युवक

हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में मंगलवार देर रात एक 52 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जो 8 अप्रैल को हुए फाइनेंसर साहिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी योगेश उर्फ योगी का चाचा बताया जा रहा है। योगेश फिलहाल जेल में बंद है।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्या का आरोप साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी पर लगाया जा रहा है। दुजाना थाने में अमन और उसके एक साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।

मृतक के भाई सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमन पहले भी उनके परिवार को अपने भाई की हत्या का बदला लेने की धमकी दे चुका था। परिवार को पहले से ही हमले की आशंका थी, जो अब सच साबित हुई।

जोकर मास्क पहनकर की वारदात
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रात 11:58 बजे दो युवक घर के बाहर आते दिखाई देते हैं। इनमें से एक ने चेहरे पर जोकर जैसा मास्क पहन रखा था। वारदात से पहले एक युवक गली में फायरिंग कर हथियार चेक करता नजर आया।

इसके बाद मास्क पहने आरोपी तेजी से घर में घुसा और जितेंद्र के कमरे में पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

Exit mobile version