Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सायरन की आवाज ने बचाया लाखों का कैश: ATM का ताला तोड़ रहे बदमाश PCR का सायरन सुन हुए फरार

रेवाड़ी में लाखों रुपए कैश से भरी एटीएम मशीन चोरी होने से बच गई। रात में गश्त पर दौड़ रही पुलिस जिप्सी का सायरन बजते ही बदमाश मौके से भाग गए। चूंकि बदमाश एटीएम का ताला तोड़ चुके थे। अगर पुलिस गश्त पर नहीं होती तो बदमाश मशीन को चोरी करने में भी कामयाब हो जाते। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी शहर की पॉश ब्रास मार्केट में बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम लगा हुआ है। लगातार एटीएम बूथ पर होती वारदातों के चलते बैंक और जिला प्रशासन की हिदायत के अनुसार रात में एटीएम बूथ पर ताला लगाया गया था।

मंगलवार देर रात एटीएम बूथ पर कुछ बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने पहले एटीएम बूथ के बाहर शटर पर लगे ताले तोड़े और फिर वहां लाखों रुपए कैश से भरी मशीन को गैस कटर से काटने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान रात में गश्त पर घूम रही पुलिस की जिप्सी का सायरन सुन बदमाश मौके से भाग गए।

हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि एटीएम में कितनी राशि थी। एटीएम के बाहर लगा ताला टूटा हुआ देख सूचना बैंक अधिकारियों को दी गई। पुलिस बूथ पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाले में जुटी है, जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके, लेकिन अभी पुलिस के हाथ कोई ठोस जानकारी नहीं लगी है।

लोकल पुलिस के अलावा सीआईए टीम जांच में जुटी है। डीएसपी मोहम्मद जमाल का कहना है कि ब्रास मार्केट में रात के समय गश्त ज्यादा होती है। इस वजह से बदमाश एटीएम बूथ पर वारदात नहीं कर पाए। एटीएम मशीन में कितना कैश था, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version