Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

घर में परिवार के साथ सो रहा था न्यू जनता कॉलोनी स्थित दुकानदार, गहने व नकदी  चोरी

न्यू जनता कॉलोनी में देर रात चोर चाय की दुकान संचालक के मकान से सोने-चांदी के करीब 5 तोले के गहने और 50 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो इसके बारे में पता चला। दुकान संचालक का कहना है कि वह अपने तकिए के नीचे अलमारी की चाबी रखकर सोया था। सुबह नींद खुली तो चाबी गायब मिली। नई अनाज मंडी चौकी पुलिस ने पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।

न्यू जनता कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि चारा मंडी में उसकी चाय की दुकान है। बुधवार रात करीब 12 बजे वह दुकान बंद कर घर आया था। रात खाना खाने के बाद करीब एक बजे परिवार सहित सो गया। गुरुवार सुबह करीब चार बजे जब मेरी मां आशा की नींद खुली तो उसे कमरे में अलमारी खुली मिली। फर्श पर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे गहने और पैसे चैक किए तो करीब 50 हजार की नकदी और सोने-चांदी के करीब पांच तोले के गहने चोरी मिले। सूचना मिलते ही नई अनाज मंडी चौकी प्रभारी राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिंगर प्रिंट की टीम ने भी घटनास्थल से नमूने जुटाए।

Exit mobile version