Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में वृद्ध महिला को कुचलने वाला स्कार्पियो सवार निकला पड़ोसी पुलिसकर्मी का नाबालिग बेटा- दो माह से घर में छिपाकर रखी थी गाड़ी बरामद

रोहतक के शिवाजी कॉलोनी चौक के पास दो माह पहले वृद्ध महिला को स्कार्पियो सवार द्वारा कुचल दिया था। जिसकी तलाश उसके असिस्टेंट प्रोफेसर बेटे के साथ ही पुलिस भी कर रही थी। जिस आरोपी की तलाश दो माह से पुलिस व परिजन कर रहे थे वह प्रोफेसर का पड़ोसी 16 वर्षीय नाबालिग ही निकला। आरोपी का पिता झज्जर पुलिस में तैनात है। हादसे के बाद के बाद आरोपी ने गाड़ी को अपने घर में बंद कर दिया था। इधर दो माह तक मृतका का असिस्टेंट प्रोफेसर बेटा आरोपी और कार की तलाश में भटकता रहा। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। इसके बाद जांच सीआईए-2 को सौंपी गई। जांच टीम आरोपी को खोज निकला। आरोपी को उसकी के घर से काबू किया गया, वहीं गाड़ी को भी घर से बरामद कर लिया गया। आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

हादसा करने वाली स्कार्पियो गाड़ी 2018 मॉडल की है। इसके बाद भी इस पर टेंपरेरी नंबर लगा हुआ था। मामले में जांच अधिकारी एसआई जयभगवान का कहना है कि गाड़ी पुरानी होने के बाद भी उस पर अभी तक टेंपरेरी नंबर क्यों लगा रखा था इसकी जांच की जा रही है। वहीं पुलिस की मानें तो गाड़ी आरोपी के पिता की ही है। आरोपी का पिता झज्जर पुलिस में कॉस्टेबल है। वहीं आरोपी अपने पिता का इकलौता बेटा है। वह 11 वीं का छात्र भी है। हादसे के वक्त वह गाड़ी में अकेला ही था। एक पुलिस कर्मी द्वारा ही अपने नाबालिग बेटे को कार चलाने की अनुमति देना पुलिस पर ही सवाल खड़ा कर रही है। मामले में शिकायतकर्ता असिस्टेंट प्रोफेसर अशोक जांगड़ा से मिली जानकारी के अनुसार कि हादसे के बाद यह गाड़ी फिर कभी नजर नहीं आई।

प्रीत विहार निवासी 59 वर्षीय गायत्री देवी 24 जून की सुबह घर से दूध लेने के लिए शिवाजी कॉलोनी चौक पर गई थीं। लौटते वक्त ईएसआई डिस्पेंसरी के पास पीछे से आई स्कार्पियो उन्हें कुचलकर चली गई। वृद्धा के असिस्टेंट प्रोफेसर बेटे अशोक जांगड़ा ने शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस द्वारा डेढ़ माह में भी आरोपी की तलाश न कर पाने पर बेटे ने आरोपी का पता बताने वाले को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की थी।

गायित्री देवी।

 शिकायतकर्ता असिस्टेंट प्रोफेसर अशोक जांगड़ा ने बताया कि सीआईए-2 पुलिस ने जन्माष्टमी के दिन पुलिस ने उन्हें आरोपी के पकड़े जाने की सूचना दी। इसके बाद उन्हें वहां बुलाया गया। वहां जाकर ही उन्हें पता लगा की आरोपी उनका पड़ोसी ही है। माता के दाहसंस्कार में भी आरोपी के दादा शामिल हुए थे। शायद उन्हें इस मामले का पता भी नहीं था। पुलिस ने उन्हें बताया है कि वह आरोपी तक मुखबिर की सूचनाओं के आधार पर पहुंचे हैं। मुखबिर ने ही पुलिस को बताया था कि हादसा करने वाली कार जैसी ही एक कार उसने प्रीत विहार कॉलोनी के आसपास देखी है।

मामले की गहनता से जांच की गई। हादसे व इसके बाद की विभिन्न फुटेज चेक की गई। शोरूमों, गेराज आदि से नई-पुरानी स्कार्पियो कारों को रिकार्ड चेक किए गए। वहीं मुखबिरों से मिली सूचनाओं पर भी अमल लाया गया। इन सब के बाद आरोपी को खोज निकाला गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। मामले की जांच की जा रही है। 

नवीन कुमार, प्रभारी-सीआईए-2

Exit mobile version