Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तिलियार पर्यटन केंद्र स्थित चिड़ियाघर में जल्द ही बब्बर शेर की दहाड़ सुनाई देने वाली है!!

रोहतक के तिलियार पर्यटन केंद्र स्थित चिड़ियाघर में जल्द ही बब्बर शेर की दहाड़ सुनाई देने वाली है। वहीं चिड़ियाघर को जल्दी ही बब्बर शेर व भालू मिलने की उम्मीद है। यहां तक कि चिड़ियाघर में बब्बर शेर का बाड़ा भी तैयार किया जा चुका है। अब केवल बब्बर शेर के पहुंचने का इंतजार है। ताकि दर्शकों को बब्बर शेर की दहाड़ डराने की बजाय लुभाए।

रोहतक मंडल आयुक्त जगदीप सिंह ने तिलियार पर्यटन केन्द्र स्थित चिड़ियाघर के विकास, वन्य प्राणियों की स्थिति, पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं तथा चिड़ियाघर के सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चिड़ियाघर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में चिड़ियाघर में रखे गये वन्य जीवों के पिंजरे के डिजाइनों का अवलोकन किया। सभी पिंजरे केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के नियमों पर बनाए पाए गए।

फिलहाल चिड़ियाघर में 31 प्रजातियों के 177 वन्य पशु-पक्षी रखे हुए है। इस वर्ष पर्यटकों के बैठने के लिए शैड, रात्रिचर वन्य जीवों का घर, वन्य प्राणियों के इलाज के लिए अस्पताल व पर्यटकों के लिए रास्तों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। चिड़ियाघर में पिछले वर्ष बनाए गए बब्बर शेर तथा भालू के लिए बनाए गए पिंजरों में जानवर लाने बारे चल रही कार्यवाही का भी संज्ञान लिया। जगदीप सिंह ने कहा कि शहरवासियों को शीघ्र ही बब्बर शेर व भालू चिड़ियाघर में देखने को मिलेंगे।

चिड़ियाघर में भेड़िया लाने के लिए मैसूर चिड़ियाघर से पत्राचार जारी है। जिसकी शीघ्र ही स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है। मण्डल आयुक्त ने चिड़ियाघर के जीवों को दिए जाने वाले भोजन के बारे में भी जानकारी ली। जिसमें पाया कि वन्य जीवों को दिए जाने वाले भोजन को समय-समय पर अचानक से चैक भी करवाया जाता है।

जगदीप सिंह ने बताया कि चिड़ियाघर के सौंदर्यीकरण के लिए इस वर्ष छायादार व सजावटी लगभग 1000 पौध लगाए गए है। पर्यटकों की सुविधा के लिए चिड़ियाघर में अलग से टिकटघर, शौचालय, मातृ शिशु कक्ष, पार्क-पार्किंग एवं पीने के पानी की सुविधा दी गई है। मंडल आयुक्त ने चिड़ियाघर का निरीक्षण विद्युत चलित कार्ट द्वारा किया, जो जल्द ही चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए भी उपलब्ध करवाई जानी प्रस्तावित है।

Exit mobile version