Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेशम पक्ष और मगरू पक्ष ने एक दूसरे पर चलाए डंडे -फेंके पत्थर…फेसबुक की पोस्ट से मच गया था वबाल


हरियाणा के नूंह जिले के बिछोर थाना क्षेत्र के गांव नई में शुक्रवार को सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। फेसबुक पोस्ट और कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि गांव में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के रेशम पक्ष और मगरू पक्ष के बीच पिछले तीन दिनों से फेसबुक पर एक पोस्ट और टिप्पणी को लेकर कहासुनी चल रही थी। शुक्रवार को दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए और विवाद अचानक हिंसक हो गया।

पहले दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसके बाद लोग घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर पत्थर बरसाने लगे। गांव की गलियों में काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।

पथराव और मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान महिलाएं और बच्चे डर के कारण घरों में दुबक गए।

सूचना मिलते ही बिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।

थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version