Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में पुलिस ने हत्यारोपी पूर्व सरपंच का सिर मुंडवाकर घुमाया, कान पकड़वा माफी मंगवाई; हथकड़ी लगा सड़कों पर परेड करवाई

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस ने हत्या के आरोपी पूर्व सरपंच को सड़कों पर पैदल घुमाया। पुलिस ने आरोपी पूर्व सरपंच रामनिवास को खरखौदा की सड़कों पर जुलूस निकालकर परेड कराई। आरोपी को हथकड़ी लगाई और कान पकड़वा कर माफी भी मंगवाई। इस दौरान उसका सिर भी मुंडा दिखा।

आरोपी रामनिवास पर गांव पीपली निवासी अजय की हत्या करवाने का आरोप है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और लोगों की भारी भीड़ मौके पर मौजूद रही। पुलिस का कहना है कि अजय हत्याकांड के अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द होगी।आरोपी को आज (गुरुवार को) कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट के आदेशों पर पुलिस ने आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी पर पहले भी काफी मुकदमे दर्ज हैं।

खरखौदा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी रामनिवास का सिर मुंडवाकर उसे खरखौदा की सड़कों पर हथकड़ी लगाकर पैदल परेड करवाई। इस दौरान पुलिस ने मीडिया के सामने कान पकड़वाकर माफी भी मंगवाई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ समाज में भय और अपराध की छवि खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है। DCP क्राइम नरेंद्र सिंह के सामने भी आरोपी रामनिवास को पेश किया गया, जहां उससे कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई।

रामनिवास और शराब माफिया भूपेंद्र दहिया के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और धमकी भरे वीडियो भी सामने आए थे। कुछ समय पहले भूपेंद्र दहिया ने रामनिवास के घर में फायरिंग भी करवाई थी। हालांकि, इस मामले में भूपेंद्र पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

करीब छह महीने पहले आरोपी रामनिवास को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था। उस समय भी सोनीपत पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। साल 2023 में उसने शराब कारोबारी भूपेंद्र पर गोलियां चलाई थीं और फरार हो गया था, जिसके बाद उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। रामनिवास पर अब तक हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह इलाके में लंबे समय से भय का कारण बना हुआ था। अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।

पीपली गांव का अजय 10 नवंबर की देर शाम जिम से लौट रहा था। जैसे ही वह स्कूल के पास पहुंचा, दो गाड़ियों में सवार कई युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया और अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय को पहले खरखौदा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देखते हुए उसे रोहतक डायग्नोस्टिक अस्पताल रेफर किया गया और बाद में मेदांता, गुरुग्राम ले जाया गया। इलाज के दौरान अजय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, अजय का कुछ महीने पहले गांव में प्लाट को लेकर झगड़ा हुआ था। अजय शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी है। पिता की काफी साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में अब मां, बड़ा भाई और उसकी पत्नी व बेटी पीछे रह गए हैं। अजय खेतीबाड़ी करता था। माना जा रहा है कि उसी विवाद की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर मुख्य आरोपी पूर्व सरपंच रामनिवास को पकड लिया है।

Exit mobile version