हरियाणा के जींद जिले में भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव के पास शनिवार को हुए हादसे में घायल एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। मृतक अमरजीत हिसार जिले के गांव पेटवाड़ का रहने वाला था और वह जींद कोर्ट का कर्मचारी था। प्रतिदिन की तरफ गांव से ड्यूटी के लिए जींद जाने के लिए निकला था, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाया। रास्ते में ही सड़क हादसे का शिकार हो गया।
अमरजीत को गंभीर हालत में जींद सिविल अस्पताल में लाया गया था, यहां से उसे PGI रोहतक रेफर कर दिया गया था। शनिवार को मरने वाले बुजुर्ग की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके बाद मृतक का फोटो सोशल मीडिया पर डाला गया। परिवार के लोगों ने उसकी फोटो देखी, जिसके बाद उसकी पहचान सींसर खास निवासी महेंद्र के रूप में हुई। महेंद्र अपनी बहन के यहां जींद की अर्बन एस्टेट कॉलोनी में कोथली देने आ रहा था।
बता दें कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे जींद-भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव के पास हरियाणा रोडवेज के भिवानी डिपो की बस और क्रूजर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। भारी बारिश के चलते कम दिखाई दे रहा था। क्रूजर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की तो बस से सीधी टक्कर हो गई। इसमें क्रूजर में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक व्यक्ति की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई थी।
करीब 7 लोगों को PGI रोहतक रेफर किया गया था, जिनमें से पेटवाड़ निवासी अमरजीत ने भी रविवार को दम तोड़ दिया। भिवानी जिले के मुंढाल खुर्द के मनोज, हरदीप, उर्मिला देवी, सुखविंद्र, दादरी जिले के कारीमोद निवासी राहुल, सीवन निवासी संजय, हिसार के मदनहेड़ी निवासी रवि, सींसर खास निवासी महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। भकलाना गांव की 32 वर्षीय रेखा, उसका 4 साल का बेटा धैर्य और उसकी जेठानी बिमला के अलावा हिसार के पेटवाड़ का अमरजीत, बहबालपुर गांव का हरिओम और रोडवेज परिचालक प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

