Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2 हजार करोड़ के मालिक ने उठाई बोरियां:कुरूक्षेत्र से BJP उम्मीदवार नवीन जिंदल

देश के चुनिंदा इंडस्ट्रियलिस्ट, करीब 2 हजार करोड़ के मालिक और हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल बुधवार को चुनाव प्रचार के दौरान पल्लेदार बने नजर आए। उन्होंने रादौर की अनाज मंडी में गेहूं की बोरी कंधे पर उठाकर ट्रक में लोड की। उनके इस काम को मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर सराहा।

इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। करीब 10 साल से राजनीति से दूर रहे नवीन जिंदल ने हाल ही में भाजपा जॉइन की है। उनकी माता सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला हैं। उन्होंने भी कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है।

वहीं इस पर तंज कसते हुए हरियाणा में AAP के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया पर लिखा- इन्हीं किसानों की बीजेपी ने ली जान, किसानों की पहलवान बेटियों का बीजेपी ने किया अपमान, किसानों के बेटों का अग्निवीर लाकर चकनाचूर किया जब स्वाभिमान, तब आप कहां थे श्रीमान ?।

कुरुक्षेत्र अनाज मंडी से सामने आए वीडियो में नवीन जिंदल गेहूं की बोरी कंधे पर उठाकर ट्रक में लोड करते दिख रहे हैं। इस पर समर्थकों ने नवीन जिंदल जिंदाबाद और हमारा नेता कैसा हो के नारे लगाते हुए तालियां बजाईं।

नवीन जिंदल गेहूं की बोरी ट्रक में रखने के बाद समर्थकों के जोश वर्धन के लिए हाथ जोड़कर अभिवादन करते नजर आए। वह यहां चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा का पटका भी गले में डाला हुआ था।

Exit mobile version