झज्जर के गांव मातनहेल के पास से गुजर रही जेएलएन नहर में गुरुवार को एक युवक का शव बरामद हुआ। उसकी पहचान बेरी निवासी प्रदीप के तौर पर हुई है। वह मंगलवार शाम को नहाते समय पानी में डूब गया था। भोंडसी से आए गोतखोरों की टीम ने घटनास्थल से एक किलोमीटर दूरी पर उसका शव खोजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी अनुसार प्रदीप अपनी मौसी के घर मुनीमपुर आया हुआ था। प्रदीप के मौसी के बेटे कमलजीत ने गांव मातनहेल में ही खाद बीज की दुकान की हुई है। प्रदीप उससे मिलने आया था। मंगलवार को शाम प्रदीप नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह नहर में डूब गया। वहां से गुजर रहे एक वाहन ड्राइवर ने प्रदीप को डूबते देखा तो अन्य लोगों को जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस को भी घटनाक्रम की जानकारी दी गई।
नहर में डूबने वाला प्रदीप माता पिता का इकलौता पुत्र था। प्रदीप के पिता विजय कुमार चंडीगढ़ पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे और उनका लगभग 2 महीने पहले ही देहांत हो गया था। जैसे ही शव नहर से बरामद हुआ, तभी मौके पर चीख पुकार मच गई। प्रदीप की मां लाजवंती का रो रो कर बुरा हाल हो चुका है। परिवार में मातम छा गया है। 2 महीने पहले पिता की मृत्यु हुई थी। वहीं, अब बेटे की भी मौत हो जाएगी, किसी ने भी सोचा नहीं था।
मातनहेल पुलिस चौकी से आए जांच अधिकारी एचसी धीरेंद्र बताया कि नहर में डूबने से एक युवक की मौत हुई है। मृतक की मां के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद मृतक प्रदीप के शव परिजनों के हवाले किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

