रोहतक के सलारा मोहल्ला में दो बच्चों के पिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत से पहले मृतक के चाचा के लड़के व पड़ोसी का आपस में गाड़ी को हटाने को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद घर जाते ही उसकी तबीयत खराब हो गई। परिवार वाले उसे उपचार के लिए अस्पताल में लेकर आए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सलारा मोहल्ला निवासी दयाचंद ने बताया कि उसका बेटा मनीष बुधवार को घर पर ही था। दुल्हंडी के दिन घर पर खुशियों का माहौल था। इसी दौरान मनीष के चाचा के लड़के की कार गली में खड़ी थी। वहीं उनके पड़ोसी संदीप उर्फ काला का पिकअप भी गली में खड़ा था। पिकअप को हटाने को लेकर उनमें विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी की नौबत हाथापाई तक आ गई।
इस झगड़े के दौरान मनीष भी वहां पर ही मौजूद था, लेकिन इसके बाद मामला शांत किया और दोनों पक्षों को अलग-अलग कर दिया। मनीष भी झगड़ा शांत होने के बाद अपने घर चला गया। घर जाते ही मनीष की तबीयत खराब हो गई और चक्कर आकर गिर पड़ा। इसी दौरान परिवार वालों ने मनीष को संभाला।
मनीष के पिता दयाचंद ने बताया कि वे मनीष को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को भी दी। दयाचंद ने कहा कि उनके बेटे की मौत किस कारण से हुई है। इसका पता लगाया जाना चाहिए। साथ ही उनके बेटे को न्याय दिलाया जाए।
पुरानी सब्जी मंडी पुलिस थाना के SHO बिजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक मनीष को किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे। फिलहाल इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी मौत के कारण आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

