Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नर्सिंग एसोसिएशन ने निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल को 3 साल का कार्यकाल विस्तार मिलने पर दी बधाई

रोहतक, 16 अगस्त। पीजीआईएमएस, रोहतक की नर्सिंग एसोसिएशन ने संस्थान के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल को 3 साल का कार्यकाल विस्तार मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इसे पूरे चिकित्सा जगत और रोगी सेवा के लिए गर्व का क्षण बताया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज खटाना, प्रधान विकास फोगाट और कृष्ण ने निदेशक कार्यालय में डॉ. सिंघल से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समस्त नर्सिंग स्टाफ की ओर से बधाई देते हुए कहा कि डॉ. सिंघल के कुशल नेतृत्व में पीजीआईएमएस ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।

अध्यक्ष मनोज खटाना ने कहा कि डॉ. सिंघल जी के मार्गदर्शन में पीजीआईएमएस में रोगी सेवाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और शैक्षणिक स्तर में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उनका 3 साल का विस्तार मिलना संस्थान के लिए बहुत शुभ है। इससे चल रही विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ का मनोबल भी बढ़ेगा।

प्रधान विकास फोगाट ने कहा कि नर्सिंग समुदाय निदेशक महोदय के विजन के साथ पूरी निष्ठा से खड़ा है। डॉ. सिंघल ने हमेशा स्टाफ के कल्याण, वार्डों के आधुनिकीकरण और मरीजों को बेहतर इलाज को प्राथमिकता दी है। हम उन्हें आश्वस्त करते हैं कि पीजीआईएमएस को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान बनाने में हमारा पूरा सहयोग रहेगा।
जनरल सेक्रेटरी राहुल वत्स ने कहा कि डॉ सिंघल ने हमेशा नर्सिंग केडर की बेहतरी के लिए कार्य किया है और सभी को साथ लेकर संस्थान की उन्नति के लिए सोचा।
कृष्ण ने कहा कि डॉ. सिंघल के कार्यकाल में पीजीआईएमएस में नए उपकरण, बेहतर आपातकालीन सेवाएं के लिए सुविधाओं में विस्तार हुआ है। उनके नेतृत्व में न्यू इमरजेंसी ब्लॉक सहित कई प्रोजेक्ट पूरे होंगे।

इस अवसर पर डॉ. एस.के. सिंघल ने एसोसिएशन का आभार जताते हुए कहा कि पीजीआईएमएस की सबसे बड़ी ताकत टीमवर्क है। डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों के समर्पण से संस्थान लाखों मरीजों की सेवा और बेहतर तरीके से करता रहेगा।
इस दौरान जनसंपर्क विभाग के सीनियर प्रोफेसर इंचार्ज डॉ मंजूनाथ बी सी,एएनएस हन्नी प्रभा,एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी और नर्सिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version