Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेमो डिसूजा को मिली जान की धमकी की खबर अफवाह:कोरियोग्राफर की पत्नी बोलीं- एक दूसरा स्पैम मेल आया था, पुलिस इसकी भी जांच कर रही

कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा को जान से मारने की धमकी नहीं मिली है। दरअसल, बीते दिन एक रिपोर्ट आई थी। उस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कॉमेडियन कपिल शर्मा, अभिनेता राजपाल यादव और कोरियोग्राफर-निर्देशक रेमो डिसूजा को पाकिस्तान से ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। उनके पास धमकी भरा ईमेल आया है। ऐसे में हिंदुस्तान टाइम्स ने रेमो की पत्नी से बात की।

लिजेल ने धमकी मिलने की खबरों पर रिएक्ट करते हुए कहा, “नहीं, यह झूठ है। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। हमने भी इसके बारे में मीडिया में ही पढ़ा। हां! कंपनी के ईमेल आईडी पर एक स्पैम ईमेल आया है। हमने उस ईमेल के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया है। साइबर विभाग इसकी जांच कर रहा है और उन्हें भी यही लग रहा है कि यह स्पैम ईमेल ही है।”

लिजेल ने कहा, “इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। अगर कुछ है, तो पुलिस पता लगा लेगी। अब मुझे नहीं पता कि इस स्पैम ईमेल का उस जान से मारने की धमकी वाले ईमेल से कोई कनेक्शन है या नहीं।” जब उनसे पूछा गया कि क्या स्पैम ईमेल में कुछ चिंता करने वाली बात लिखी थी तब लिजेल ने स्पष्ट किया, “नहीं,” और कहा, “कुछ स्पैम ईमेल हैं जो इधर-उधर जा रहे हैं। यह सिर्फ एक को नहीं, बल्कि कई लोगों को गया होगा। मुझे लगता है कि इसे बस गलत तरीके से समझा गया है।”

Exit mobile version