Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खेत में गंदा पानी छोड़ रहे थे बदमाश,टोका तो चाकू से किया हमला, युवक की मौत

हरियाणा के पानीपत जिले में मतलौडा स्थित आसन खुर्द गांव में खेत में गंदा पानी छोड़ रहे युवकों को एक युवक द्वारा टोके जाने पर बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। 7 बदमाशों ने युवक को पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारी। इसके बाद युवक को चाकू से गोद दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने बचाव करने आए गांव के सरपंच समेत चार अन्य पर भी चाकू से हमला किया। वारदात के बाद बदमाश सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मतलौडा थाना पुलिस ने 7 नामजद बदमाशों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस को दी शिकायत में बीर सिंह ने बताया कि वह आसन खुर्द गांव का रहने वाला है। वह गांव का सरपंच भी है। 17 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने चचेरे भाई सुनील (30) निवासी आसन खुर्द के साथ नहर के पास खेत में ड्रेन के पास काम कर रहा था। सुनील खेत से बाइक लेकर दुकान से सामान लेने चला गया। कुछ ही दूरी पर गांव के ही दीपक व मोहित गंदे पानी का ट्रैक्टर लेकर सामने से आए और ड्रेन में गंदा पानी डालने लगे। जिनका विरोध सुनील ने किया और कहा कि हमारे खेत के पास गंदा पानी क्यों डाल रहे हो। इसके बाद उक्त दोनों युवकों ने सुनील को ट्रैक्टर से टक्कर मारी। ट्रैक्टर को मोहित चला रहा था। टक्कर के बाद झगड़ा हो गया। झगड़े की आवाज सुनकर आसपास के खेत वाले सुदर्शन, शीशपाल, सचिन निवासी आसन खुर्द भी मौके पर आ गए और इन्होंने बीच-बचाव किया।


इसी दौरान दीपक ने फोन करके गांव से विकास, संदीप, अजय, रोहित, विनोद निवासी आसन खुर्द को बुला लिया। सभी चाकू, गंडासी व बिंडे लेकर आए। विकास के हाथ में चाकू था, जिसने सुनील पर 4-5 वार कर दिए। बीर सिंह को भी 4-5 जगह चाकू मारे। इतना ही नहीं सचिन, सुदर्शन व शीशपाल ने छुड़वाने की कोशिश की तो उनको भी चाकू, गंडासी और बिंडो से चोटें मारीं। झगड़े के बाद सभी बदमाश मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। झगड़े के दौरान लगी चोटों के कारण सुनील मौके पर गिर गया। खून से लथपथ हालत में घायल सुनील को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।

Exit mobile version