Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बदमाश ने खुद को नीरज बवाना गैंग का सदस्य बता मांगे 25 लाख- दी जान से मारने की धमकी; 4 दिन में तीसरी वारदात

आढ़ती संदीप दहिया

हरियाणा के पानीपत जिले में 11 जनवरी से 14 जनवरी कुल 4 दिनों के अंदर तीसरी रंगदारी मांगने का बड़ा मामला सामने आया है। इस बार 14 जनवरी को अनाज मंडी के आढ़ती से 25 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। आढ़ती को आज का समय रुपए देने के लिए दिया गया है। धमकी मिली है कि अगर रुपए नहीं दिए तो रविवार को बदमाश उसे गोली मार देंगे। डरे-सहमे आढ़ती ने शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ आईपीसी की धारा 386 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप दहिया ने बताया कि वह सेक्टर 25 का रहने वाला है। शुक्रवार दोपहर को वह TDI सेक्टर-23 स्थित अपने प्लॉट पर गया था। दोपहर 1:24 बजे व 1:26 बजे उसके मोबाइल फोन पर दो कॉल आई। दोनों कॉल में एक-एक मिनट बात हुई। कॉल करने वाले बदमाश ने धमकी दी कि कल तक 25 लाख रुपए तैयार रखना, नहीं तो तुझे गोली मार दूंगा। संदीप ने पूछा कि आप कौन बोल रहे हो तो उसने कहा कि मैं नीरज बवाना गैंग से बात कर रहा हूं। संदीप दहिया ने पुलिस को बताया कि वह आईफोन का प्रयोग करता है, जिसमें रिकॉर्डिंग नहीं होती है।

संदीप का कहना है कि बदमाश ने उसे इंटरनेट कॉलिंग की है। यह कॉलिंग न ही सोशल मीडिया कॉल होती है और न ही सामान्य कॉल होती है। इस कॉल में मोबाइल स्क्रीन पर सिर्फ ट्रूकॉलर कॉलिंग लिखा आता है। संदीप ने जब पहली कॉल रिसीव की तो बदमाश पूरी ठेठ हरियाणवी में बोला। रुपयों की मांग की और कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। इसके ठीक 2 मिनट बाद उसकी दोबारा कॉल आई। वह कॉल उसने एक अन्य व्यक्ति को सुनने को कहा। वह अन्य व्यक्ति एक श्रमिक था। श्रमिक ने बातचीत करने पर कहा कि बाऊ तो यहां पर नहीं हैं। जिस पर बदमाश ने कहा कि मैं जानता हूं, तेरा बाऊ संदीप दहिया है। जो अनाज मंडी में आढ़ती है। उसे कह दियो की कल शाम तक 25 लाख रुपए तैयार रखेगा, वरना परसो उसे गोली मार देंगे।

अनाज मंडी के आढ़ती गोशाला मंडी निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ लीला ने भी पुलिस को शिकायत दी थी कि मंगलवार रात पौने 9 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल काई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह काला जठेड़ी बोल रहा है। बुधवार तक 10 लाख रुपए का इंतजाम कर लेना। नहीं तो तुम्हें जान से मार देगा। इसके बाद वह घबरा गया। फिर से उसे तीन अनजान नंबरों से कॉल की गई, लेकिन उसने रिसीव नहीं की। धमकी मिलने से उसे और उसके स्वजनों को जान का खतरा है।

समालखा में पुरानी गुड़मंडी निवासी मनोज मित्तल के घर के पास ही राजेंद्र मित्तल (पिता) के नाम से गाजर पार्क (मिठाई) की दुकान है। बुधवार को वह दोपहर के समय दुकान पर था। ज्यादा ग्राहक होने पर व्यस्त था। करीब डेढ़ बजे उसके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। उसने रिसीव की तो सामने से बोलने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि मैं करनाल से ऋषि चुलकाने वाला बोल रहा हूं। मुझे 5 लाख रुपए चाहिएं। जिस पर वह घबरा गया और डर में हेलो हेलो करके फोन काट दिया। उक्त नंबर से मोबाइल पर दोबारा कॉल आई, लेकिन उसने रिसीव नहीं की। फिर उक्त नंबर से उसके मोबाइल पर एक धमकी भरा टैक्सट मैसेज आया। मैसेज में लिखा कि मरेगा तू भी और फिर उक्त नंबर से न कोई कॉल आई और न मैसेज।

Exit mobile version