सिरसा जिले से एक दिल दहला देने व इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। दरअसल गांव लखुआना में किसी क्रूर व्यक्ति ने एक साहीवाल नस्ल की पालतू गाय के मुंह में विस्फोटक पदार्थ रख दिया जिसके बाद धमाके के साथ उसका मुंह फट गया और मूक गोवंश ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। डबवाली सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सिरसा जिले के गांव लखुआना निवासी सतपाल सिंह गुरुवार को अपने गोवंश को लेकर बीसवाला पुल के पास चारा खिलाने के लिए लेकर गया था। इसी दौरान वहां किसी ने उसकी साहीवाल नस्ल की एक गाय के मुंह में कोई विस्फोटक पदार्थ डाल दिया। कुछ देर बाद जोरदार धमाका हुआ। वह गाय की तरफ दौड़कर गया तो उसके मुंह के चिथड़े उड़ गए थे। गाय जमीन पर पड़ी तड़प रही थी।
सतपाल ने आनन फानन में एक वाहन का प्रबंध कर गाय को पशु अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान गाय ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना डबवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के पूरे क्षेत्र को खंगाला। विस्फोटक को लेकर सुराग तलाश किए। मौके से सैंपल भी लिए गए।
डबवाली सदर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाय के मुंह में विस्फोटक पदार्थ रखा था। इसमें ब्लास्ट के बाद गाय की मौत हो गई है। पशुपालक सतपाल सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गौर संरक्षण अधिनियम के साथ आईपीसी की धाराओं में भी केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में तफ्तीश के बाद जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
